छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिले गरियाबंद में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब पड़ोसी राज्य ओडिशा के कालाहांडी में आए शक्तिशाली भूकंप के झटकों ने धरती को हिला कर रख दिया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई है जिसका केंद्र जमीन से 24 किलोमीटर गहराई में दर्ज किया गया। रात लगभग 7:42 बजे देवभोग और अमलीदर तहसील सहित सीमावर्ती इलाकों में करीब 3 सेकेंड तक तेज कंपन महसूस किया गया जिससे घबराकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंपन के साथ एक अजीब से धमाके जैसी आवाज भी सुनाई दी जिससे इलाके में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका के चलते अफरा-तफरी मच गई।
आधी रात दहशत में रहे ग्रामीण: तहसीलदार ने दिए जांच के आदेश, मौसम के बीच कुदरत का डबल अटैक
देवभोग इलाके में पहले से ही बारिश और कड़कती बिजली ने मौसम का मिजाज बिगाड़ रखा था लेकिन इसी बीच आई प्राकृतिक हलचल ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों और आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है लेकिन मध्यम तीव्रता के चलते कच्ची दीवारों में दरारें आने की आशंका बनी हुई है। तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने बताया कि पूरे तहसील क्षेत्र से कंपन की सूचनाएं मिली हैं जिसे उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मामले को भूगर्भ विशेषज्ञों तक पहुँचाकर इस हलचल के पीछे के सटीक कारणों के अध्ययन की तैयारी की जा रही है।
