रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से आयोजित 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए लाखों छात्र-छात्राओं के लिए आज का दिन निर्णायक साबित होने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज नवा रायपुर स्थित मंत्रालय से आधिकारिक रूप से परीक्षा परिणामों की घोषणा करेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा बटन दबाते ही प्रदेश भर के परीक्षार्थियों का भविष्य वेबसाइट पर लाइव हो जाएगा। शिक्षा विभाग ने परिणाम जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और मंत्रालय में होने वाले इस कार्यक्रम के बाद ही मेरिट लिस्ट भी सार्वजनिक की जाएगी।
वेबसाइट पर ऐसे देखें अपना स्कोरकार्ड
नतीजों की घोषणा होने के तुरंत बाद छात्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट results.cg.nic.in या cgbse.nic.in पर जाकर अपना रोल नंबर दर्ज कर परिणाम देख सकेंगे। विभाग ने भारी ट्रैफिक को देखते हुए सर्वर को अपडेट रखा है ताकि परीक्षार्थियों को अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड करने में किसी तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही भरोसा करें। इस साल बोर्ड परीक्षाओं में पारदर्शिता और सख्ती के बीच मूल्यांकन कार्य पूरा किया गया है जिसके बाद अब परिणाम घोषित किए जा रहे हैं।