पटवारी पर चापड़-चाकू से हमला करने वाला भाजपा नेता गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

हिंगोरा सिंह
सरगुजा जिले में सरकारी कर्मचारी पर हमले का बड़ा मामला सामने आया है, जहां भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष और कथित भू माफिया जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी स्थित पटवारी कार्यालय में घुसे आरोपी ने दबंगई की सारी हदें पार कर दीं।

बुधवार दोपहर पटवारी अपने दफ्तर में काम कर रहा था, तभी जितेंद्र कुजूर वहां पहुंचा और राजस्व निरीक्षक (आरआई) का नंबर मांगने लगा।
नंबर मिलने के बाद उसने पटवारी पर दबाव बनाया कि वह अपने मोबाइल से आरआई से बात कराए।
जब पटवारी ने इससे इनकार किया, तो मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया।
आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पहले हाथापाई शुरू की और फिर कार्यालय में रखी कुर्सी उठाकर हमला कर दिया।

गुस्से में बेकाबू आरोपी यहीं नहीं रुका, बल्कि अपनी कार से चाकू और लोहे का चापड़ निकालकर पटवारी और चौकीदार को दौड़ाने लगा।
जान बचाने के लिए दोनों को मौके से भागना पड़ा। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसने आरोपी की दबंगई को उजागर कर दिया।

मामले की शिकायत मिलते ही दरिमा थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की।
साइबर सेल की मदद से आरोपी को कुछ ही घंटों में ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया गया।
उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का चापड़ और हेरियर वाहन भी जब्त किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

घटना के बाद पटवारी संघ में भारी आक्रोश देखने को मिला।
सैकड़ों की संख्या में पटवारी घड़ी चौक से रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
संघ ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के साथ-साथ उसका जुलूस निकालने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्त रोक लगाने की मांग की।

प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है, वहीं सरगुजा एसपी ने बताया कि आर्म्स एक्ट के तहत भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जितेंद्र कुजूर पहले से ही आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल दरिमा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जिससे साफ संकेत है कि अब प्रशासन ऐसे दबंगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई के मूड में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *