Ajay Chandrakar : रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के बाद छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। भाजपा के कद्दावर नेता और विधायक अजय चंद्राकर ने इस पर कड़ा पलटवार करते हुए खड़गे को राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी है।
‘माला जपें खड़गे, दिमाग पर नहीं रहा नियंत्रण’ अजय चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे की जीभ और दिमाग अब उनके नियंत्रण में नहीं रह गया है। उन्हें अब सक्रिय राजनीति छोड़ देनी चाहिए और संन्यास लेकर माला जपना चाहिए। चंद्राकर ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए यहाँ तक कह दिया कि कांग्रेस का आतंकवादियों से करीबी नाता रहा है और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आतंकवादियों के साथ डिनर किया करते थे।
सचिन के दौरे पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब बस्तर में भारत रत्न सचिन तेंदुलकर के दौरे और सुरक्षा को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर भी चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सचिन जैसे महान खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ में स्वागत है, लेकिन कांग्रेस इस पर राजनीति कर राज्य की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस का आरोप था कि भाजपा सरकार एक ‘लेजेंड’ खिलाड़ी को सुरक्षा देने में नाकाम रही है, जिसे चंद्राकर ने आधारहीन करार दिया।
विधानसभा के विशेष सत्र और विपक्ष पर निशाना राज्य सरकार द्वारा जल्द बुलाए जाने वाले विधानसभा के विशेष सत्र पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के सवालों का जवाब देते हुए चंद्राकर ने कहा कि उन्हें विधायी प्रक्रिया का ज्ञान नहीं है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि महंत जी को कांग्रेस के किसी ‘ज्ञानी’ नेता से जानकारी लेनी चाहिए कि विशेष सत्र क्यों बुलाया जा रहा है।
महिला आरक्षण और बंगाल चुनाव पर रुख अजय चंद्राकर ने बंगाल चुनाव को देश के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता वहां पार्टी के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। वहीं महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस के ‘कसम’ वाले बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा सीधे जनता के बीच जाकर मुद्दों पर चर्चा कर रही है, कांग्रेस के सवालों में उलझने की जरूरत नहीं है।