आम जनता की समस्याओं का अब होगा त्वरित समाधान: छत्तीसगढ़ में जल्द शुरू होगी 24 घंटे वाली सीएम हेल्पलाइन

CM Helpline Chhattisgarh : रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार प्रदेशवासियों की शिकायतों और समस्याओं के निराकरण के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य में जल्द ही ‘सीएम हेल्पलाइन नंबर’ की शुरुआत होने वाली है, जो 24 घंटे सक्रिय रहकर जनता की सेवा करेगा। इस हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेश का कोई भी नागरिक अपनी परेशानी सीधे सरकार तक पहुँचा सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में इस नई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हेल्पलाइन पर दर्ज होने वाली हर शिकायत के समाधान के लिए एक समय-सीमा (डेडलाइन) तय की जाएगी। यदि संबंधित अधिकारी निर्धारित समय के भीतर समस्या का हल नहीं निकालते हैं, तो उन पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

विधानसभा के विशेष सत्र और बंगाल चुनाव पर बोले सीएम महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में काम कर रही थी, लेकिन कांग्रेस ने इसमें अड़ंगा डाला। इसी विषय पर चर्चा और निंदा प्रस्ताव के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है।

वहीं, पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हालातों पर चर्चा करते हुए सीएम साय ने दावा किया कि वहां की जनता टीएमसी के शासन से त्रस्त है। अपने बंगाल दौरे के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि वहां के लोगों में भारी आक्रोश है और आने वाले समय में वहां भाजपा की सरकार बनना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *