अजब-गजब: चोरी की प्लानिंग फेल, पेड़ से भिड़ी गाड़ी और मौके से गायब हुए चोर!

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में शनिवार रात चोरी की एक वारदात नाटकीय मोड़ पर खत्म हुई। अज्ञात चोर एक कोयला व्यवसायी के कैम्पर वाहन को चुराकर भाग रहे थे, लेकिन तेज रफ्तार के चलते वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। हादसा इतना जोरदार था कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।।घटना के बाद चोर वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। मौके पर खून के निशान मिलने से आशंका जताई जा रही है कि टक्कर में चोर घायल हुए हैं और उसी हालत में भाग निकले।

वाहन मालिक लक्ष्मी दास के अनुसार, रात में ड्राइवर गाड़ी खड़ी कर घर चला गया था। सुबह जब वाहन नहीं मिला तो तलाश शुरू की गई। कुछ दूरी पर नर्सरी के पास जंगल में गाड़ी पेड़ से टकराई हुई मिली।

सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में गुरुद्वारा परिसर स्थित एक रेडीमेड दुकान सहित अन्य जगहों पर भी चोरी की वारदात हो चुकी है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *