सिंगरौली। जिले में हुई दिनदहाड़े बैंक डकैती मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। 17 अप्रैल को बैंक ऑफ महाराष्ट्र की बैढ़न शाखा में हुई लूट के मामले में एक आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से लाखों रुपये नकद और सोना बरामद हुआ है।
बिहार से गिरफ्तारी, ट्रेन में भाग रहा था आरोपी
आरपीएफ ने आरोपी कमलेश कुमार को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन रेलवे स्टेशन से पकड़ा। वह पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए अपने गांव लौट रहा था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से 15 लाख 72 हजार रुपये नकद और 61 ग्राम सोना मिला, जिसकी कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
नालंदा का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी कमलेश कुमार नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के ग्वाल बिगहा गांव का निवासी है। पूछताछ में उसने डकैती में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद वह अपने हिस्से का माल लेकर फरार हो गया था।

15 मिनट में अंजाम दी गई थी वारदात
घटना 17 अप्रैल दोपहर की है, जब पांच हथियारबंद बदमाश बैंक में घुस गए। पिस्टल और देशी कट्टों से लैस आरोपियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया। सभी के मोबाइल फोन छीन लिए गए और विरोध करने पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई गई।
मैनेजर को धमकाकर खुलवाए लॉकर
बदमाशों ने बैंक मैनेजर को हथियार दिखाकर लॉकर खुलवाए। गोल्ड लोन से जुड़े पांच लॉकरों से करीब ढाई किलो सोने के आभूषण लूट लिए गए। इसके अलावा कैश काउंटर से भी बड़ी रकम लेकर आरोपी फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुए चेहरे, पुलिस सख्त
घटना के बाद आरोपी दो बाइकों से फरार हो गए। मौके से एक देशी कट्टा बरामद हुआ है। बैंक के सीसीटीवी फुटेज में तीन बदमाशों के चेहरे साफ नजर आए हैं।
चार आरोपियों पर इनाम घोषित
मध्य प्रदेश पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर विशेष टीमें गठित कर मध्य प्रदेश और बिहार में लगातार छापेमारी की जा रही है।
अब तक की कार्रवाई
- गिरफ्तार: 2 आरोपी
- फरार: 3 आरोपी
- बरामदगी: 15.72 लाख नकद और 61 ग्राम सोना
पुलिस का मानना है कि यह डकैती पूरी तरह से सुनियोजित थी। आरोपियों को बैंक की आंतरिक व्यवस्था की पहले से जानकारी थी। अब पुलिस पूरे गिरोह तक पहुंचने के लिए तेजी से कार्रवाई कर रही है।