सूरजपुर में एसडीएम की सरकारी गाड़ी घर में जा घुसी: कलेक्टर ने खुद घायलों को पहुंचाया अस्पताल

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया जब रामानुजनगर एसडीएम अजय माडियम की सरकारी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान में जा घुसी। एसडीएम अजय माडियम रामानुजनगर से सूरजपुर की ओर जा रहे थे तभी देवनगर गांव के पास अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सीधे एक घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई। संयोग से उस समय घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था जिससे किसी की जान नहीं गई।

इस दुर्घटना में एसडीएम अजय माडियम के साथ वाहन चालक और सुरक्षा में तैनात दो आरक्षक घायल हुए हैं। हादसे की खबर मिलते ही सूरजपुर कलेक्टर तत्काल मौके पर पहुंचे और संवेदनशीलता दिखाते हुए अपनी गाड़ी से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल जिला चिकित्सालय में सभी का उपचार जारी है और डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *