रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय परिसर में हेल्थ सेंटर का शुभारंभ किया गया तथा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन हुआ, जिसमें कुल 121 लोगों ने लाभ उठाया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद अतिथियों ने हेल्थ सेंटर और स्वास्थ्य शिविर का विधिवत उद्घाटन किया। शिविर में अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य जांच करवाई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि आर. सक्सेना रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा और मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास मौजूद रहे।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय 21 वर्ष पूर्ण कर 22वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला और इस तरह के जनसेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अतिथि प्रो. रवि आर. सक्सेना ने विद्यार्थियों की पहल की सराहना करते हुए उन्हें समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने एमबीए हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन विभाग से जुड़े अस्पतालों के प्रबंधकों का सम्मान किया। वहीं, स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन के लिए डॉ. देवेंद्र कश्यप और उनकी टीम को बधाई दी गई।
कार्यक्रम का संचालन प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष मंडावी ने किया। विश्वविद्यालय की स्थापना 16 अप्रैल 2005 को हुई थी, जिसका उद्घाटन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा किया गया था। तब से संस्थान पत्रकारिता और जनसंचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।