हड़बड़ी में दुल्हेराजा ट्रेन में भूल गए शेरवानी और पगड़ी, RPF ने शादी के पहले ढूंढ निकाला सामान

ग्वालियर। शादी की तैयारियों के बीच अगर दूल्हे का सबसे जरूरी सामान ही खो जाए, तो खुशी का माहौल पलभर में चिंता में बदल सकता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां उत्तर प्रदेश के बलरामपुर निवासी अमन कुमार के साथ यात्रा के दौरान बड़ी परेशानी खड़ी हो गई, लेकिन ग्वालियर RPF की तत्परता से स्थिति संभल गई।

दरअसल, अमन कुमार अपनी शादी के लिए साबरमती एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे। ग्वालियर स्टेशन पर जल्दबाजी में उतरकर उन्होंने झांसी जाने के लिए दूसरी ट्रेन पकड़ ली, लेकिन उनका मुख्य बैग उसी ट्रेन के कोच M-1 में छूट गया। झांसी पहुंचने पर जब उन्हें बैग के गायब होने का एहसास हुआ, तो वे घबरा गए—क्योंकि उसी बैग में उनकी शादी की शेरवानी और पगड़ी रखी थी।

तुरंत उन्होंने झांसी कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद संदेश ग्वालियर स्थित रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तक पहुंचा। सूचना मिलते ही RPF टीम हरकत में आई और संबंधित ट्रेन को यार्ड में खड़ा पाकर कोच की गहन जांच शुरू की।

तलाशी के दौरान जवानों को बर्थ पर लावारिस हालत में वही बैग मिल गया, जिसमें दूल्हे का जरूरी सामान सुरक्षित रखा हुआ था। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर बैग अमन कुमार को सौंप दिया गया।

अपना सामान सही सलामत वापस पाकर दूल्हे ने राहत की सांस ली और RPF टीम का आभार व्यक्त किया। समय पर की गई इस कार्रवाई ने एक परिवार की खुशियों को बिगड़ने से बचा लिया और RPF की सतर्कता एक बार फिर साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *