भारतीय व्यापार जगत से आज एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। एशिया के सबसे रईस शख्स का ताज अब बदल गया है। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब अपने नाम कर लिया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के ताजा आंकड़ों ने पूरी दुनिया के निवेशकों का ध्यान खींच लिया है।
एक दिन में बदली किस्मत
जानकारी के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में गौतम अडानी की संपत्ति में $3.56 बिलियन (करीब 29,000 करोड़ रुपये) का जबरदस्त उछाल आया है। इस तेजी के साथ अडानी अब दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 19वें पायदान पर पहुंच गए हैं। वहीं, मुकेश अंबानी अब खिसक कर 20वें स्थान पर आ गए हैं।
क्यों हुआ यह बड़ा उलटफेर?
दरअसल, शेयर बाजार में अडानी ग्रुप के शेयरों में आई तूफानी तेजी ने सारा खेल पलट दिया। जहां अडानी ने इस साल अपनी वेल्थ में $8.1 बिलियन जोड़े हैं, वहीं रिलायंस के शेयरों में सुस्ती की वजह से अंबानी की नेटवर्थ में इस साल अब तक लगभग $16.9 बिलियन की गिरावट दर्ज की गई है। जानकारों का कहना है कि इंफ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी सेक्टर में अडानी ग्रुप की बढ़ती पकड़ ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
पूरी दुनिया में बदल रही रैंकिंग
बता दें कि साल 2026 की शुरुआत से ही ग्लोबल मार्केट में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। न केवल भारत, बल्कि दुनिया के टॉप-20 रईसों में शामिल बर्नार्ड अर्नाल्ट और वारेन बफेट जैसे दिग्गजों की संपत्ति में भी बड़ी गिरावट आई है। हालांकि, टेस्ला के मालिक एलन मस्क ($656 बिलियन) के साथ अब भी दुनिया के सबसे अमीर इंसान बने हुए हैं। उनके बाद लैरी पेज और जेफ बेजोस का नंबर आता है।
अडानी का बढ़ा कद
गौरतलब है कि गौतम अडानी न केवल बिजनेस में आगे बढ़ रहे हैं, बल्कि वे ग्रामीण भारत में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में $7 बिलियन का योगदान भी दे रहे हैं। बाजार के पंडितों का मानना है कि जिस तरह से अडानी ग्रुप पोर्ट्स से लेकर पावर सेक्टर तक अपना दबदबा बढ़ा रहा है, आने वाले समय में अंबानी और अडानी के बीच यह ‘दौलत की जंग’ और भी दिलचस्प होने वाली है।