कटिहार। बिहार के कटिहार जिले अंतर्गत कदवा थाना क्षेत्र के भोगांव में शराब माफिया द्वारा की गई फायरिंग में एक वृद्ध महिला और 11 वर्षीय बच्ची समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ की और वहां खड़े आधा दर्जन से अधिक वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
घटनाक्रम के अनुसार, वार्ड सदस्य बबलू सिंह और शराब कारोबारी सुनील साह के घर से निकल रहे एक युवक के बीच साइकिल और मोटरसाइकिल की टक्कर को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुनील साह ने अपने घर के भीतर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में 60 वर्षीय जानकी देवी, उनकी पोती अनुष्का कुमारी और प्रीतम कुमार को गोलियां लगीं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
फायरिंग की खबर फैलते ही ग्रामीण उग्र हो गए और उन्होंने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया। भीड़ ने वहां खड़ी 6 मोटरसाइकिल, 1 ऑटो और 1 कार को आग लगा दी। स्थानीय लोगों का दावा है कि इन वाहनों का उपयोग अवैध शराब की ढुलाई में किया जाता था।
सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील साह को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद इस तरह की घटना सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है।
