भोपाल। मुख्यमंत्री निवास में मंगलवार शाम भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति बनाई गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में हुई इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित कोर ग्रुप के अन्य सदस्य शामिल हुए। बैठक का मुख्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और सत्ता व संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित होंगे प्रशिक्षण शिविर
बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि पार्टी ने मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन शिविरों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों से लैस किया जाएगा, ताकि वे आगामी स्थानीय चुनावों में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
कोर ग्रुप की इस पहली बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संगठन और सरकार मिलकर विकास कार्यों को जनता के बीच ले जाएंगे। जल्द ही कोर ग्रुप की दूसरी बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें चुनावी तैयारियों को लेकर अगले चरण की योजनाओं पर चर्चा होगी।