बलौदा बाजार। जिले में चर्चित हनी ट्रैप, ब्लैकमेलिंग और सेक्सटॉर्शन मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले के मुख्य आरोपी और लंबे समय से फरार भाजपा नेता संकेत शुक्ला ने जिला एवं सत्र न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद आरोपी पर दबाव बढ़ गया था। इसके बाद बुधवार 15 अप्रैल को उसने अपने वकील के माध्यम से कोर्ट में सरेंडर किया।
रिमांड पर लेकर पूछताछ
सरेंडर के तुरंत बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर रिमांड पर लिया है। पुलिस उससे हनी ट्रैप नेटवर्क, संचालन, शामिल लोगों और पैसों के लेनदेन को लेकर पूछताछ कर रही है।
क्या है मामला
यह मामला वर्ष 2024 में सामने आया था। जांच में खुलासा हुआ था कि कुछ महिलाएं लोगों को अपने जाल में फंसाकर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाती थीं। इसके बाद उन्हें वायरल करने की धमकी देकर बड़ी रकम वसूली जाती थी।
कई एफआईआर दर्ज
पुलिस ने इस मामले में अब तक चार से अधिक एफआईआर दर्ज की हैं। जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। इसमें पुलिसकर्मी, कारोबारी, वकील और कुछ अन्य लोगों के नाम भी जुड़े बताए जा रहे हैं।
महिलाएं हो चुकी हैं गिरफ्तार
इस रैकेट में शामिल कई महिलाओं को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि बाद में उन्हें अदालत से जमानत मिल गई है।
लाखों रुपये का लेनदेन
जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क के जरिए लाखों रुपये की वसूली की गई। कई लोगों को ब्लैकमेल कर रकम ऐंठी गई।
आरोपी की भूमिका अहम
पुलिस के अनुसार, संकेत शुक्ला इस नेटवर्क की अहम कड़ी है। उससे पूछताछ में मामले से जुड़े और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
आगे की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस पूछताछ में जुटी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस हाई प्रोफाइल मामले में और नए नाम सामने आ सकते हैं।