बिलासपुर में रेलवे स्टेशन के पास युवक की बेरहमी से पिटाई, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन मार्ग पर बदमाशों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट की यह घटना पास ही स्थित एक होटल के सामने हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बदमाश युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटते नजर आ रहे हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

होटल से खाना लेकर लौट रहा था युवक

जानकारी के अनुसार, सिरगिट्‌टी के गणेश नगर निवासी शेख इकबाल सोमवार देर रात रेलवे स्टेशन के पास स्थित मुल्कराज होटल से खाना पैक कराकर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका लक्की दास और पंकज नामक युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद गाली-गलौज से शुरू हुआ और मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने गाली देने से मना किया, तो आरोपी और उग्र हो गए।

साथियों को बुलाकर किया जानलेवा हमला

शुरुआती विवाद के बाद आरोपी पंकज ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे बदमाशों ने इकबाल को चारों ओर से घेर लिया और उस पर टूट पड़े। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक बचाव की कोशिश कर रहा है, लेकिन हमलावर उसे बेरहमी से पीट रहे हैं। इस दौरान सड़क पर पुलिस के सायरन की आवाज भी सुनाई दे रही है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

देर रात तक होटल खुलने से बढ़ रहा जमावड़ा

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित यह होटल देर रात तक संचालित होता है, जिसके चलते यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। पूर्व में भी इस स्थान पर मारपीट और विवाद की कई घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और देर रात तक बेवजह घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। तोरवा पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *