सक्ती वेदांता प्लांट हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हुई, सरकार और प्रबंधन ने किया बड़े मुआवजे का ऐलान

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। उपचार के दौरान दम तोड़ने वाले श्रमिकों के साथ यह आंकड़ा बढ़ा है। इस हादसे में 4 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि 6 श्रमिकों ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज, 5 ने जिला अस्पताल रायगढ़ और 2 ने रायपुर के कालड़ा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

18 घायलों का उपचार जारी

इस भीषण हादसे में कुल 36 लोग झुलसे थे, जिनमें से 18 घायलों का इलाज वर्तमान में विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। मृतकों में अब तक अमृत लाल पटेल (50), ठंडाराम, पप्पू कुमार और उत्तर प्रदेश के बृजेश कुमार की पहचान हो चुकी है। शेष मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

परिजनों का हंगामा और लापता मजदूरों की तलाश

घटना के बाद प्लांट के बाहर श्रमिकों के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि प्रबंधन द्वारा स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है और कुछ मजदूर अब भी लापता हैं। आक्रोशित लोगों ने प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

सहायता राशि की घोषणा

हादसे के बाद वेदांता प्रबंधन ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 35 लाख रुपये की सहायता राशि और एक सदस्य को नौकरी देने का ऐलान किया है। साथ ही घायलों को 15 लाख रुपये दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *