खरोरा थाना का शैक्षणिक अवलोकन कर विद्यार्थियों ने जाना पुलिस कार्यप्रणाली

खरोरा 15 अप्रैल 2026 :- पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, खरोरा के छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत थाना खरोरा का अवलोकन कराया गया। इस दौरान थाना प्रभारी कृष्ण कुमार कुशवाहा, ए.एस.आई. परशुराम साहू, एस.आई. परसराम वर्मा, मुंशी गणेश राम साहू तथा आरक्षक दुष्यंत कुमार बांधे द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।


अवलोकन की शुरुआत थाना प्रभारी कक्ष से हुई, जहां विद्यार्थियों को थाना संचालन एवं प्रशासनिक कार्यों के बारे में बताया गया। इसके पश्चात थाना प्रभारी के रीडर कक्ष का अवलोकन कराया गया। विद्यार्थियों ने दिवसाधिकारी के समक्ष शिकायतों की सुनवाई तथा प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया को समझा।
मुंशी द्वारा रोजनामचा रिपोर्ट एवं विभिन्न रजिस्टरों में शिकायतों के इंद्राज की जानकारी दी गई। साथ ही महिला एवं पुरुष बंदीगृह, संवेदना कक्ष में महिला एवं बाल संबंधित प्रकरणों के पंजीयन की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। सीसीटीएन प्रणाली के माध्यम से एफआईआर रिकॉर्डिंग की जानकारी भी विद्यार्थियों को प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त साइबर फ्रॉड से संबंधित विभिन्न माध्यमों एवं उससे बचाव के उपायों पर भी मार्गदर्शन दिया गया। विद्यार्थियों ने मालखाना (रिकॉर्ड कक्ष) एवं विसरा रूम का भी अवलोकन कर पुलिस कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।
इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्र-छात्राओं में कानून एवं व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा उन्होंने पूरे उत्साह के साथ सभी प्रक्रियाओं को समझा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *