Amravati News : अमरावती (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक पर प्रेम जाल में फंसाकर करीब 100 से अधिक लड़कियों का यौन शोषण करने और उनके अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप लगा है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का खेल पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी मोहम्मद अयान लड़कियों को पहले अपने प्यार के जाल में फंसाता था। इसके बाद वह उनके साथ बिताए निजी पलों का छिपकर वीडियो बना लेता था। इन्हीं वीडियो के दम पर वह लड़कियों को ब्लैकमेल करता और उनका लगातार शोषण करता था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने इन वीडियो को इंस्टाग्राम और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लीक कर दिया, जहाँ से 350 से ज्यादा आपत्तिजनक क्लिप वायरल हुई हैं।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई, एक और गिरफ्तारी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोहम्मद अयान को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान इस कांड में एक और आरोपी हुजेर खान इकबाल खान (20 वर्ष) का नाम सामने आया है, जिसे केस में शामिल किया गया है। पीड़ितों में कई नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं, जिसके कारण पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस की अपील: डरे नहीं, आगे आएं पीड़ित अमरावती के पुलिस अधीक्षक (SP) विशाल आनंद ने पीड़ितों से अपील की है कि वे बिना किसी डर के पुलिस के पास आएं और अपनी शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि शिकायत करने वाली लड़कियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस घिनौने खेल के पीछे कोई बड़ा संगठित गिरोह काम कर रहा था।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने इस मामले में एसआईटी (SIT) जांच की मांग की है। साइबर सेल की टीम भी वायरल वीडियो के सोर्स और उन्हें शेयर करने वालों का पता लगाने में जुटी है।