प्रेस क्लब खेल मड़ई 2026 : स्व. देवेंद्र कर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई 2026 के अंतर्गत स्व. देवेंद्र कर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन मोतीबाग स्थित यूनियन क्लब में किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि आज की जनधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्र, छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा, राजीव अग्रवाल (CIDC अध्यक्ष), अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी कविता दीक्षित ने किया।

इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े, दिवंगत पत्रकार देवेंद्र कर की माता और बेटे सहित बड़ी संख्या में पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रतियोगिता को लेकर सुभाष मिश्र ने कहा की प्रेस क्लब के द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता प्रशंसनीय है लेकिन जिले से आगे बढ़कर ये प्रतियोगिता राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर पर होना चाहिए जिससे कॉम्पिटिशन की भावना आए और साथ ही सरकार से खेल के लिए अनुदान भी मिलना चाहिए। पिछले दिनों में ऑस्ट्रेलिया गया हुआ था वहां खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर इलाके में कॉउंसिल बनाई गई है जो खिलाड़ियों को दी जाने वाली सुविधा और खेल मैदान की देखरेख करते है अगर हमारे यहां के महापौर और पार्षद अगर खेल मैदानों में मेले और कमर्शियल आयोजन न करें और खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराएं तो खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा।

प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया प्रेस क्लब द्वारा निर्णय लिया गया है कि अलग-अलग दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज मंगलवार को बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय और बेहतर बॉन्डिंग को बढ़ावा देते हैं। पत्रकार दिनभर खबरों की भागदौड़ में रहते हैं, जिससे मानसिक तनाव बढ़ता है, ऐसे में खेल गतिविधियाँ उन्हें राहत प्रदान करती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि प्रेस क्लब का उद्देश्य पत्रकारों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है, ताकि उनकी खेल प्रतिभा भी सामने आ सके और तनाव कम हो। कार्यकारिणी गठन के 10 दिनों के भीतर ही “खेल मड़ई” की शुरुआत कर दी गई थी, जो लगातार आगे बढ़ रही है।

रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई 2026 के अंतर्गत आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता को लेकर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने आज की जनधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्र का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *