सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया है। डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित Vedanta Limited के पावर प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से भीषण विस्फोट हो गया।
इस हादसे में 3 श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

विस्फोट के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं और राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, वहीं प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।