रायपुर। राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित फार्महाउसों में कथित अवैध नशे की पार्टियों को लेकर सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए तेलीबांधा थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
भावेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि बीते कुछ दिनों से VIP रोड के फार्महाउसों में रईसजादों द्वारा खुलेआम हुक्का और शराब के साथ पार्टियां आयोजित की जा रही हैं। इन पार्टियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस तरह की गतिविधियां प्रशासन की जानकारी के बावजूद जारी हैं। इससे आम जनता में यह संदेश जा रहा है कि कानून केवल आम लोगों के लिए सख्त है, जबकि प्रभावशाली लोगों को संरक्षण मिल रहा है।

युवक कांग्रेस नेता ने रायपुर में लागू कमिश्नरेट प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसके बावजूद तेलीबांधा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं, सामान्य वर्ग के लोगों पर छोटी-छोटी बातों में तुरंत कार्रवाई कर दी जाती है, जो दोहरी नीति को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसी प्रतिष्ठित एनजीओ की आड़ में इन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
कड़ी कार्रवाई की मांग
प्रदेश युवक कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर उसमें शामिल लोगों की पहचान सार्वजनिक की जाए और आयोजकों व फार्महाउस मालिकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही VIP रोड क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने और किसी भी प्रकार के संरक्षण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
आंदोलन की चेतावनी
भावेश शुक्ला ने चेतावनी दी है कि यदि 2 दिनों के भीतर इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है, तो युवक कांग्रेस संबंधित लोगों की पहचान उजागर करेगी और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
इस दौरान कार्यक्रम में प्रवक्ता शुभम, लक्षित, मृगेंद्र, जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर खान, अतीक मेमन, मो. हसन, आशीष बाजपेयी, खुशराज ढिल्लन, जिशान, अनिकेत महतो, साहिल, कृष्णा और चंदन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।