रायपुर: प्रतिबंधित हुक्का पार्टी का वीडियो वायरल, वीआईपी रोड के फार्महाउस में उड़ी नियमों की धज्जियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हुक्का पर पूर्ण प्रतिबंध होने के बावजूद राजधानी के वीआईपी रोड स्थित एक फार्महाउस में हुक्का पार्टी का मामला सामने आया है। विशाल नगर क्षेत्र में आयोजित इस निजी पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शहर के प्रतिष्ठित परिवारों से जुड़े युवक-युवतियां खुलेआम हुक्का पीते नजर आ रहे हैं। यह पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।

बिना अनुमति आयोजित हुई पार्टी

जानकारी के अनुसार, यह पार्टी 8 अप्रैल को आयोजित की गई थी। पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र होने के बावजूद बिना किसी अनुमति के फार्महाउस में इस बड़े आयोजन को अंजाम दिया गया। पार्टी में लाइव म्यूजिक और अन्य मनोरंजन के साधन मौजूद थे। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि लोग संगीत की धुन पर हुक्का पीते हुए सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे हैं।

एनजीओ की आड़ में आयोजन का आरोप

सूत्रों के अनुसार, इस पार्टी में शामिल कई युवक-युवतियां शहर के नामी एनजीओ और बड़े कारोबारी परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। आरोप है कि गेट-टुगेदर के बहाने एनजीओ की आड़ में इस तरह की पार्टियां आयोजित की जा रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित रसूखदार परिवारों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पुलिस टीम वर्तमान में पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो और आयोजन से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कानून का उल्लंघन

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में हुक्का बेचने और परोसने पर पहले ही सख्त प्रतिबंध लगा रखा है। कमिश्नरेट क्षेत्र में इस तरह की घटना सामने आने के बाद कानून व्यवस्था और नियमों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पार्टी के आयोजकों और उसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *