जगदलपुर। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के मन में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है।
दीपक बैज ने इस घटना में भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं की संलिप्तता होने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में हाल के दिनों में जितनी भी आपराधिक घटनाएं हुई हैं, उनमें कहीं न कहीं सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। बैज ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से इस विफलता के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग की है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर कथित आरोपी की तस्वीर साझा करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की बेटियां अपने घरों के बाहर सुरक्षित नहीं हैं। बैज ने चेतावनी दी कि अगर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस इसे लेकर सड़क पर उतरेगी।
इस मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है, लेकिन विपक्षी दल लगातार आरोपियों के राजनीतिक संरक्षण का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरने में जुटा है।