नई दिल्ली। 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) के लागू होने का इंतज़ार कर रहे लोगों के लिए एक बड़ी खबर है। वेतन आयोग ने अपनी रिसर्च और एनालिसिस टीम को मजबूत करने के लिए विभिन्न पदों पर भर्तियां निकाली हैं। खास बात यह है कि इसमें फुल-टाइम के साथ-साथ पार्ट-टाइम काम करने का भी विकल्प दिया गया है, जहां महीने में मात्र 12 दिन काम करके आप 90,000 रुपये तक कमा सकते हैं।
किन पदों पर निकली है वैकेंसी?
आठवें वेतन आयोग ने मुख्य रूप से तीन श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए हैं:
सीनियर कंसल्टेंट (5 पद): इसके लिए 10 साल का अनुभव और अधिकतम आयु 45 वर्ष होनी चाहिए।
कंसल्टेंट (5 पद): इसके लिए 6 साल का अनुभव और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित है।
यंग प्रोफेशनल (10 पद): इसके लिए 4 साल का अनुभव और अधिकतम उम्र 32 वर्ष होनी चाहिए।
सैलरी का पूरा गणित
वेतन आयोग ने इन पदों के लिए बेहद आकर्षक सैलरी पैकेज रखा है:
सीनियर कंसल्टेंट: फुल-टाइम काम के लिए 1.80 लाख रुपये। अगर आप महीने में 12 दिन (पार्ट-टाइम) काम करते हैं, तो 90,000 रुपये और 6 दिन के लिए 45,000 रुपये मिलेंगे।
कंसल्टेंट: फुल-टाइम के लिए 1.20 लाख रुपये, जबकि पार्ट-टाइम के लिए 60,000 (12 दिन) और 30,000 (6 दिन) रुपये मिलेंगे।
यंग प्रोफेशनल: फुल-टाइम के लिए 90,000 रुपये, जबकि पार्ट-टाइम विकल्पों में 45,000 और 22,500 रुपये की सैलरी दी जाएगी।
क्या होगा काम और कैसे होगा चयन?
चयनित उम्मीदवारों को वेतन आयोग की रिसर्च टीम का हिस्सा बनना होगा। इनका मुख्य कार्य केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और पेंशन से संबंधित आंकड़ों का विश्लेषण करना और सिफारिशें तैयार करने में मदद करना होगा। यह विशुद्ध रूप से रिसर्च और एनालिसिस आधारित भूमिका है।
चयन प्रक्रिया के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। चयन समिति का निर्णय ही अंतिम होगा। यह नियुक्तियां कॉन्ट्रैक्ट बेसिस (अनुबंध) पर की जाएंगी।