दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नियम तोड़ने वाले 24 पुलिसकर्मियों पर चालान

रमेश गुप्ता दुर्ग । सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई की है। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 24 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। इस कदम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कानून सभी के लिए समान है, चाहे वह आम नागरिक हो या पुलिस विभाग का कर्मचारी।यातायात पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में यह पाया गया कि कुछ पुलिसकर्मी स्वयं ही नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया गया और संबंधित कर्मियों पर ई-चालान जारी किए गए।

साथ ही उन्हें भविष्य में नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी भी दी गई है।पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी दिशा में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के तहत शहरभर में लगे कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है और नियम तोड़ने वालों पर स्वचालित ई-चालान जारी किए जा रहे हैं।यातायात पुलिस ने अपने ही विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे नियमों का पालन कर आम जनता के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें। यह कार्रवाई न केवल अनुशासन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि आम नागरिकों के बीच भी सकारात्मक संदेश देने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *