नई दिल्ली. उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अब गर्मी का असर तेज होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आज दिल्ली में मौसम शुष्क रहेगा और दिन भर तेज धूप खिली रहेगी। यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है और हवाएं 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो लखनऊ, वाराणसी, नोएडा और गाजियाबाद सहित कई शहरों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं बिहार में अब धीरे-धीरे लू का असर दिखने लगेगा। विभाग ने राज्य के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी देते हुए बताया है कि अब वहां बारिश के आसार नहीं हैं और तापमान में लगातार वृद्धि होगी।
मध्य प्रदेश और राजस्थान के लिए मौसम विभाग ने गर्मी का अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश में 15 अप्रैल तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़त हो सकती है। इन राज्यों में आज से गर्म हवाएं चलने और तेज धूप रहने की संभावना है। दूसरी ओर, पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज थोड़ा अलग रहेगा। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में आज हल्की बारिश हो सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 17 और 18 अप्रैल को वर्षा का अनुमान है। बारिश होने से इन पहाड़ी इलाकों के तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
