देवास में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, तीन युवकों की मौत और एक गंभीर घायल

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में इंदौर-भोपाल मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेवरी फाटे के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

देर रात हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार रात इंदौर-भोपाल मार्ग पर स्थित नेवरी फाटा चौकी क्षेत्र में हुआ। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि पेड़ से टकराने के बाद वाहन के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही नेवरी फाटा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों का रेस्क्यू किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों की हुई पहचान हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान शुभम, प्रदीप और मोहित के रूप में हुई है। वहीं सचिन नामक युवक गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि मृतकों में दो युवक आपस में भाई थे, हालांकि वे सगे भाई थे या चचेरे, पुलिस इसकी पुष्टि करने में जुटी है। सभी युवक कहां जा रहे थे, इसकी जांच की जा रही है।

शहडोल में धू-धू कर जला पिकअप वाहन इधर, शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र में एक अन्य घटना में भूसे से लदे पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई। किसान रामराज साहू अपने वाहन में भूसा लोड कर कुआं से लालपुर रोड की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा वाहन जलकर खाक हो गया। पपौंध पुलिस ने किसान की शिकायत पर आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *