मोतिहारी। जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों और दर्जनों लोगों के बीमार होने के बाद मोतिहारी पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत पुलिस को अवैध शराब और स्प्रिट की तस्करी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। तरकौलिया थाना पुलिस ने जहरीली स्प्रिट सप्लाई करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बस्ती निवासी सतीश चंद्र चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सतीश एसएस केमिकल्स का मालिक है और गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था। वह लंबे समय से जहरीले पदार्थों के निर्माण और बिक्री के मामले में वांछित था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी है।
जिले में जहरीली शराब का कहर इस कदर टूटा है कि 1 अप्रैल से लेकर अब तक 10 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है। वहीं, दो दर्जन से अधिक लोग सदर अस्पताल और विभिन्न निजी अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। इनमें से कई मरीजों की आंखों की रोशनी जाने की भी खबर है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है और राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है। विपक्षी दलों के नेता पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर रहे हैं, जबकि प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।
पुलिस की ओर से इस मामले में अब तक ताबड़तोड़ छापेमारी की गई है। इस दौरान खलीफा यादव और नागा यादव समेत करीब एक दर्जन कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते इस कांड के दो अन्य मुख्य आरोपी सुनील शाह और कन्हैया यादव ने सोमवार को मोतिहारी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी से जुड़े हर छोटे-बड़े अपराधी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।