फोन कॉल के जरिए लोगों को झांसा देकर ठगी की कोशिश, सतर्क रहने की अपील
रमेश गुप्ता रायपुर। ठगी का एक नया तरीका सामने आया है, जिसमें शातिर आरोपी खुद को एम्स (AIIMS) का डॉक्टर बताकर लोगों को फोन कर ठगी का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी फोन कॉल के माध्यम से खुद को एम्स अस्पताल का डॉक्टर या कर्मचारी बताकर लोगों को विश्वास में लेते हैं। इसके बाद वे मरीज के इलाज, ऑपरेशन या अन्य चिकित्सा जरूरतों का हवाला देकर तत्काल पैसों की मांग करते हैं। कई मामलों में आरोपी भावनात्मक दबाव बनाकर जल्द पैसे ट्रांसफर करने के लिए भी कहते हैं।

ऐसे देते हैं वारदात को अंजाम
ठग पहले पीड़ित या उनके परिजनों से संपर्क करते हैं और गंभीर बीमारी या इमरजेंसी का हवाला देते हैं। फिर इलाज या दवा के नाम पर ऑनलाइन भुगतान करवाने की कोशिश करते हैं। कई बार फर्जी दस्तावेज या पहचान भी साझा की जाती है, जिससे लोग आसानी से उनके झांसे में आ जाते हैं।
पुलिस की अपील – रहें सतर्क
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि:
किसी भी अनजान कॉल पर खुद को डॉक्टर या अस्पताल कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति पर तुरंत भरोसा न करें।
पैसे ट्रांसफर करने से पहले संबंधित अस्पताल या व्यक्ति की पहचान की पुष्टि जरूर करें।
किसी भी तरह की आपात स्थिति में सीधे अस्पताल के आधिकारिक नंबर पर संपर्क करें।
संदिग्ध कॉल या ठगी की कोशिश की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
प्रोएक्टिव पुलिसिंग के तहत कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि इस प्रकार की ठगी को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और साइबर टीम सक्रिय रूप से काम कर रही है। पहले भी इस तरह के मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और भविष्य में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।