ग्राम बागोड़ में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 15 हाईवा रेत व 20 हाईवा गिट्टी जब्त
निर्माण कार्य की आड़ में महानदी से मशीनों से हो रहा था खनन, ठेकेदार को 5 दिन में रॉयल्टी जमा करने का नोटिस

कांकेर। जिले में अवैध रेत उत्खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच खनिज विभाग ने ग्राम बागोड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में रेत और गिट्टी जब्त की है। विभागीय टीम ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही अवैध सामग्री को कब्जे में लेते हुए 15 हाईवा रेत और 20 हाईवा गिट्टी को पंचनामा बनाकर जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मीडिया की सूचना पर हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बागोड़ स्थित महानदी में रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य के दौरान अवैध रेत उत्खनन की शिकायत सामने आई थी। मीडिया टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया, जहां नदी से मशीनों के माध्यम से लगातार रेत निकासी कर डंप किया जा रहा था। इसके बाद मामले की जानकारी खनिज विभाग को दी गई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभागीय टीम मौके पर पहुंची।

निर्माण कार्य की आड़ में चल रहा था अवैध खनन
जांच के दौरान यह पाया गया कि निर्माण कार्य का हवाला देकर बड़े पैमाने पर नदी से रेत निकाली जा रही थी। उत्खनन के लिए मशीनों का उपयोग किया जा रहा था, जिससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर भारी मात्रा में रेत और गिट्टी डंप मिली, लेकिन संबंधित ठेकेदार द्वारा किसी प्रकार की वैध रॉयल्टी पर्ची प्रस्तुत नहीं की गई।
जेके इंटरप्राइजेशन पर उठे सवाल
बताया गया कि जब्त की गई रेत और गिट्टी का उपयोग जेके इंटरप्राइजेशन द्वारा किया जा रहा था। हालांकि, मौके पर मौजूद सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या रॉयल्टी रसीद उपलब्ध नहीं कराई गई। इसी आधार पर खनिज विभाग ने सामग्री को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
5 दिन की मोहलत, नहीं तो होगी सख्त कार्रवाई
मौके पर पहुंचे सहायक खनिज अधिकारी मृदुल गुवा ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीम ने कार्रवाई की है। ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि वह पांच दिनों के भीतर रेत और गिट्टी की वैध रॉयल्टी कार्यालय में प्रस्तुत करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज जमा नहीं किए गए तो खनिज अधिनियम 2015 एवं छत्तीसगढ़ खनिज नियम 2009 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।