बिलासपुर, 10 अप्रैल 2026
बिलासपुर के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र स्थित नर्मदा कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री में अमोनिया गैस की चपेट में आने से एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल श्रमिक राजेंद्र कुमार कौशिक को उपचार के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
यह दुर्घटना बीते 18 मार्च को हुई थी, जब फैक्ट्री में नियमित कार्य चल रहा था। इसी दौरान राजेंद्र कुमार कौशिक अमोनिया गैस के रिसाव की चपेट में आ गए, जिससे उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया। घटना के तत्काल बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही घायल मजदूर को मगरपारा स्थित किम्स अस्पताल में भर्ती कराया। वहां 13 दिनों तक उपचार चलने के बाद 31 मार्च को उन्हें अपोलो अस्पताल रेफर किया गया।
आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन पिछले काफी समय से इस गंभीर हादसे को दबाने का प्रयास कर रहा है। इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि अस्पताल प्रबंधन द्वारा सिरगिट्टी थाने को घटना का मेमो भेजे जाने के बावजूद अब तक पुलिस जांच के लिए नहीं पहुंची है। पुलिस की ओर से न तो घटनास्थल का मुआयना किया गया है और न ही पीड़ित मजदूर का बयान दर्ज किया गया है।
मामले के संबंध में सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि अस्पताल से मेमो प्राप्त हुआ है। पुलिस इस मामले में वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए जांच को आगे बढ़ाएगी। फिलहाल घायल के परिजनों और प्रबंधन के पक्ष को लेकर स्थिति स्पष्ट की जा रही है।
