16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना, 1 से 30 मई तक मकानसूचीकरण, प्रशासन ने जागरूकता बढ़ाने पर दिया जोर
कोरिया, 10 अप्रैल, 2026/ जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में प्रमुख जनगणना अधिकारी द्वारा राज्य के सभी जिला कलेक्टरों एवं नगर निगम आयुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
अपर कलेक्टर, कोरिया से मिली जानकारी के अनुसार, जनगणना का प्रथम चरण यानी मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जिले में 1 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। वहीं स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का कार्य 16 से 30 अप्रैल 2026 के बीच संपादित होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के सफल संचालन के लिए आम जनता की जागरूकता और सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
इसी को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रचार माध्यमों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निकायों की कचरा संग्रहण गाड़ियों में ऑडियो सिस्टम के माध्यम से जनगणना संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे। साथ ही शासकीय कार्यालयों और संस्थानों के एलईडी डिस्प्ले व नोटिस बोर्ड पर जनगणना से जुड़े वीडियो और स्लोगन प्रदर्शित किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों और चौराहों पर उपलब्ध सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली से भी जनगणना संबंधी संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। स्थानीय केबल नेटवर्क और जिला स्तरीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी उपयोग प्रचार-प्रसार के लिए किया जाएगा। वहीं स्कूल, बस स्टॉप और ग्राम पंचायत स्तर पर पोस्टर, होर्डिंग आदि के माध्यम से भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
इस संबंध में अपर कलेक्टर व अतिरिक्त जिलादण्डाधिकारी द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैकुंठपुर, सोनहत, जिले के सभी तहसीलदारों, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष पहल की जाए। साथ ही जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी तथा जनपद पंचायत बैकुंठपुर और सोनहत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जा सके।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समयसीमा को ध्यान में रखते हुए प्रचार-प्रसार की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ कर दी जाए, ताकि जनगणना 2027 का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।