बूचड़खाने ले जाए जा रहे 17 भैंसे बरामद, अंतरराज्यीय पशु तस्करी का पर्दाफाश, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सोनहत, कोरिया। जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सोनहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर 17 भैंसों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इन पशुओं को अमानवीय तरीके से बांधकर बूचड़खाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे व एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। 7 अप्रैल 2026 को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम उज्ञांव,चौकी रामगढ़ में अवैध रूप से पशुओं को छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही सोनहत पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।

पुलिस ने मौके से 56 वर्षीय आरोपी बहादुर सिंह को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान 17 भैंसे क्रूरतापूर्वक रस्सियों से बंधे हुए पाए गए। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इन भैंसों को पी.पी. सिंह और झारखंड के मकसूद नामक व्यक्ति द्वारा ट्रक के माध्यम से लाकर यहाँ छिपाया गया था, जिन्हें बाद में बूचड़खाने भेजा जाना था। जब्त किए गए मवेशियों की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परीक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

थाना प्रभारी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी और क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे कृत्यों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, इस सफल कार्रवाई में सोनहत थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पासवान, उप निरीक्षक राजाराम राठिया, प्रधान आरक्षक अमरलाल टोप्पो, आरक्षक विमल जायसवाल, रमेश यादव, प्रदीप साहू, पिटर एक्का, निखिलेश राजवाड़े, मनीष साय और सहायक आरक्षक उमेंद्र सिंह, चंद्रिका, धरमलाल व श्यामलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *