मुंबई/। दिग्गज निर्देशक एस.एस. राजामौली की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘वाराणसी’ (Varanasi) को लेकर इन दिनों सिनेमा जगत में जबरदस्त हलचल है। ‘RRR’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद यह राजामौली का अगला ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ है, जिसमें महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे दिग्गज कलाकार नजर आने वाले हैं। फिल्म की रिलीज में अभी सालभर का वक्त है, लेकिन इससे पहले ही सोशल मीडिया पर इसकी कहानी लीक होने का दावा किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ‘सिनोप्सिस’ इंटरनेट पर ‘सिनेसाइट’ नामक वेबसाइट का एक स्क्रीनशॉट तेजी से फैल रहा है, जिसे फिल्म की आधिकारिक कहानी बताया जा रहा है। इस कथित सिनोप्सिस के अनुसार, फिल्म की कहानी टाइम-ट्रैवल और पौराणिक रहस्यों के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
क्या है वायरल कहानी का सार? लीक दावों के मुताबिक, महेश बाबू फिल्म में ‘रुद्र’ नाम के एक शिव भक्त की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी तब शुरू होती है जब रुद्र एक प्राचीन और शक्तिशाली ‘आर्टिफैक्ट’ (पुरावशेष) की तलाश में निकलता है। वह सदियों पुराने रहस्यों को सुलझाते हुए समय की सीमाओं को पार कर जाता है। इस सफर में पृथ्वीराज सुकुमारन का किरदार ‘कुम्भ’ उसे गाइड करता है, लेकिन जैसे-जैसे रुद्र सच के करीब पहुंचता है, उसे पता चलता है कि जिस मिशन पर उसे भेजा गया है, उसके पीछे एक खतरनाक मास्टरमाइंड की साजिश है जो दुनिया पर राज करना चाहता है।
प्रियंका चोपड़ा का किरदार और धोखे की थ्योरी वायरल हो रही थ्योरीज में यह भी दावा किया जा रहा है कि प्रियंका चोपड़ा का किरदार ‘मंदाकिनी’ इस सफर में रुद्र का साथ तो देती है, लेकिन क्लाइमेक्स में वह उसे बड़ा धोखा दे सकती है। हालांकि, मेकर्स की ओर से इन दावों पर अब तक कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। राजामौली अपनी फिल्मों की स्क्रिप्ट को बेहद गोपनीय रखने के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि पर्दे पर आने वाली कहानी इस वायरल सिनोप्सिस से कितनी मेल खाती है।