राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में महादेव ऐप के बाद अब सांई ऑनलाइन सट्टा ऐप के जरिए अवैध कारोबार का मामला प्रकाश में आया है। आईपीएल सीजन के शुरू होते ही सक्रिय हुए सट्टेबाजों के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईटेक सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक फार्महाउस में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह सांई ऐप के माध्यम से मैच की हर गेंद और ओवर पर लाखों रुपये का दांव लगवा रहा था। सट्टे का पूरा नेटवर्क मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों के जरिए कोड वर्ड में संचालित किया जा रहा था। मौके से पुलिस ने 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 7 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और नगद राशि बरामद की है। जब्त दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड में करीब 9 लाख 20 हजार रुपये के सट्टे का हिसाब मिला है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वीरू प्रजापति, रूपेश पाण्डे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की देवांगन को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले के दो अन्य आरोपी मूलचंद देवांगन और नागपुर निवासी सादिक खान फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022, भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
