यूरिया की कालाबाजारी : कृषि केंद्रों में प्रशासन की छापेमारी, रसीद और स्टॉक खंगाले, बोले- गड़बड़ी मिली तो रद्द होगा लाइसेंस

मुंगेली। जिले में यूरिया की किल्लत और ऊंचे दामों पर बिक्री की शिकायतों के बाद प्रशासन ने कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कलेक्टर कुंदन कुमार और जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय के कड़े निर्देश पर प्रशासनिक अमले ने खाद दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।

एसडीएम अजय शतरंज के नेतृत्व में कृषि विभाग और राजस्व की संयुक्त टीम ने जिला मुख्यालय के प्रमुख निजी कृषि केंद्रों—सुपर एजेंसी, पंजाब एजेंसी, कैलाश ट्रेडर्स और शक्ति माई कृषि केंद्र पर औचक दबिश दी। इस दौरान अधिकारियों ने न सिर्फ स्टॉक रजिस्टर और पीओएस (POS) मशीन की जांच की, बल्कि वहां मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर यूरिया की असल कीमत और उपलब्धता की हकीकत जानी।

जांच टीम ने साफ कर दिया है कि किसानों को उनके पंजीकृत रकबे के हिसाब से निर्धारित सरकारी दर पर ही खाद दी जाए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी केंद्र में तय कीमत से ज्यादा वसूली या वितरण में हेराफेरी पाई गई, तो संबंधित दुकानदार का लाइसेंस तुरंत निरस्त कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे कालाबाजारी की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *