शासकीय जमीन घोटाले पर भाजपा का हमला: ‘नेताजी’ की संलिप्तता का आरोप, कांग्रेस से कार्रवाई की मांग

रायपुर, 4 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शासकीय जमीन की कथित फर्जी खरीद-फरोख्त के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने इस मामले में कांग्रेस पदाधिकारियों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए पार्टी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

शनिवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री डॉ. मार्कण्डेय ने आरोप लगाया कि आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में पंचायत प्रतिनिधियों की मिलीभगत से शासकीय जमीन का अवैध क्रय-विक्रय किया गया। उन्होंने कहा कि मामले में सरपंच, सचिव और उपसरपंच की भूमिका संदिग्ध है और इस संबंध में मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कर जांच भी जारी है।

भाजपा नेता के मुताबिक, ग्राम गोढ़ी के पूर्व सरपंच गोपाल धीवर, जो वर्तमान में कांग्रेस के सेक्टर प्रभारी हैं, इस पूरे प्रकरण में शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि उनके कार्यकाल में गैर-निवासी व्यक्तियों के नाम पर शासकीय भूमि दर्ज की गई। साथ ही, प्रगति मिश्रा (पति अनुज मिश्रा) के नाम पर करीब 4 एकड़ जमीन बिना वैध कब्जे के पंचायत प्रस्ताव के जरिए आवंटित कर दी गई।

इसके अलावा, मंदिर हसौद नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-12 से कांग्रेस पार्षद अनुज मिश्रा पर भी गलत तरीके से लंबे समय से कब्जाधारी दिखाकर जमीन आवंटन कराने का आरोप लगाया गया है। वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग के महामंत्री प्रवीण सिंह पर भी शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के आरोप लगाए गए हैं।

डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि इस पूरे मामले में फर्जी तरीके से पट्टा बनाकर जमीन की खरीद-फरोख्त की गई है और कई संदिग्ध अभी फरार हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी अपने पदाधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे यह संकेत मिलता है कि अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।

भाजपा ने कांग्रेस से मांग की है कि मामले में शामिल सभी पदाधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी इस मुद्दे को और जोर-शोर से उठाएगी।

प्रेस वार्ता के दौरान रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेन्द्र पाटनी और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल भी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *