महासमुंद, 4 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कांग्रेस भवन में हुई मारपीट की घटना के बाद पार्टी ने सख्त कार्रवाई करते हुए जिला उपाध्यक्ष विजय साव को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। यह निर्णय अनुशासनहीनता के आरोपों के चलते लिया गया।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पार्टी कार्यालय में हुई मारपीट की घटना न केवल संगठनात्मक अनुशासन के खिलाफ है, बल्कि इससे पार्टी की छवि को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। साथ ही, संबंधित मामले में जारी कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब निर्धारित समय में नहीं दिया गया, जिसके बाद निष्कासन की कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले कांग्रेस भवन में एक पत्रकार वार्ता के बाद विवाद शुरू हुआ। यह पत्रकार वार्ता महंगाई के मुद्दे पर आयोजित की गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पार्टी पदाधिकारियों को सूचना ठीक से न मिलने को लेकर जिला उपाध्यक्ष विजय साव, पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और कार्यकर्ता निर्मल जैन के बीच बहस छिड़ गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि प्लास्टिक की कुर्सियों से एक-दूसरे पर हमला किया गया, जिसमें तीनों के कपड़े तक फट गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर माहौल को शांत कराया।
पार्टी ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया है और स्पष्ट किया है कि इस तरह के व्यवहार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।