Nashik Road Accident : नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां दिंडोरी कस्बे के पास शुक्रवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर पानी से भरे गहरे कुएं में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की जान चली गई है। मृतकों में 6 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
हादसा उस समय हुआ जब इंदोरे गांव का दरगुडे परिवार एक निजी कोचिंग क्लास के कार्यक्रम से घर लौट रहा था। अंधेरा अधिक होने और संभवतः चालक द्वारा नियंत्रण खो देने के कारण कार सड़क किनारे बने कुएं में समा गई। कुआं पानी से लबालब भरा होने की वजह से कार में सवार किसी भी व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और सभी की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी, बेटी और परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। भारी मशक्कत और क्रेन की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला गया। बचाव दल ने सभी 9 शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण वाहन पर से नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि दिंडोरी पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। एक ही परिवार के इतने चिराग बुझने से इंदोरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।