जालंधर। पंजाब के रेल यात्रियों और माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब नई दिल्ली-कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर भी होगा। पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने जालंधर कैंट स्टेशन पर इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही इस मांग को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने बताया कि उन्होंने दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर गाड़ी संख्या 22439 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखी थी। जालंधर, होशियारपुर, नकोदर और कपूरथला सहित आसपास के जिलों के श्रद्धालु इस सीधी सेवा की प्रतीक्षा कर रहे थे। रेल मंत्रालय की मंजूरी के बाद अब इन जिलों के यात्रियों को कटड़ा जाने के लिए बड़ी सुविधा मिलेगी।
रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 22439 नई दिल्ली से चलकर सुबह 10.04 बजे जालंधर कैंट स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 10.06 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 22440 कटड़ा से नई दिल्ली के लिए चलते हुए शाम 6.51 बजे जालंधर कैंट पहुंचेगी और 6.53 बजे प्रस्थान करेगी।
जालंधर कैंट पर ठहराव दिए जाने के कारण ट्रेन के समय में मामूली बदलाव किया गया है। अब गाड़ी संख्या 22439 जम्मू डिवीजन के भोगपुर स्टेशन पर और गाड़ी संख्या 22440 अंबाला डिवीजन के साहनेवाल स्टेशन पर निर्धारित समय से पांच मिनट की देरी से पहुंचेगी। इस बदलाव के अनुरूप जम्मू और अंबाला रेल मंडल अपनी समय-सारणी में आवश्यक संशोधन करेंगे। इस निर्णय से क्षेत्र के व्यापारियों और श्रद्धालुओं में हर्ष का माहौल है।