भिलाई इस्पात संयंत्र के SMS-3 ने रचा इतिहास, EWNRA ग्रेड स्टील उत्पादन में नया कीर्तिमान

रमेश गुप्ता भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप–3 (SMS-3) ने मार्च 2026 में ईडब्ल्यूएनआर (EWNRA) ग्रेड स्टील के उत्पादन में नया इतिहास रचते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विभाग ने पूर्व में अप्रैल 2025 में बनाए गए 6,730 टन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए इस बार 22,000 टन से अधिक उत्पादन दर्ज किया है।
यह उपलब्धि विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि किसी एक माह में इस ग्रेड स्टील का यह अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है। यह विभाग की उच्च स्तरीय कार्यक्षमता, तकनीकी दक्षता और विभिन्न इकाइयों के बीच मजबूत समन्वय को दर्शाता है।


इस रिकॉर्ड उत्पादन का सीधा लाभ संगठन को भी मिल रहा है। इस ग्रेड के स्टील पर अन्य ग्रेड की तुलना में प्रति टन अधिक नेट सेल्स रियलाइजेशन प्राप्त हो रहा है, जिससे सेल की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिल रही है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्य महाप्रबंधक (इस्पात गलन शाला–3) श्री त्रिभुवन बैठा ने विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस सफलता के पीछे री-लैडलिंग यूनिट, डी-सल्फराइजेशन यूनिट, कन्वर्टर शॉप, लैडल-बे, सेकेंडरी रिफाइनिंग यूनिट, क्रेन्स, कास्टर, डिस्पैच एवं आरसीएल विभाग का समन्वित, सुनियोजित और समर्पित प्रयास रहा, जिसने इस उपलब्धि को संभव बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *