धरसीवां। धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के कुँवरगढ़ नगर के इतिहास में आज एक नया और गौरवशाली अध्याय जुड़ गया। स्थानीय विधायक अनुज शर्मा की विशेष पहल और प्रयासों से आयोजित ‘कुँवरगढ़ महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। इस ऐतिहासिक आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को पुनर्जीवित कर उसे नई पहचान दिलाना है। मुख्यमंत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत आगाज किया। इस अवसर पर प्रदेश के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और विधायक अनुज शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
136.80 करोड़ की सौगातों से चमकेगी धरसीवां की तस्वीर
महोत्सव के इस यादगार अवसर पर मुख्यमंत्री ने धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए कुल 136.80 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें तहसील कार्यालय धरसीवां के नवीन भवन का लोकार्पण भी शामिल है। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र की अधोसंरचना, शिक्षा और जनसुविधाओं के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।
सांस्कृतिक पहचान को मिली नई उड़ान
विधायक अनुज शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुँवरगढ़ महोत्सव के माध्यम से अब यह क्षेत्र अपनी विशिष्ट पहचान को प्रदेश स्तर पर और मजबूती से स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति व इतिहास को याद रखने वाला समाज ही उन्नति करता है। कुँवरगढ़ महोत्सव जैसे आयोजन छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने में ‘मील का पत्थर’ साबित होंगे। कुँवरगढ़ जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजकर जन-मानस तक पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
‘छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति हमारी आत्मा है’ – विधायक अनुज
विधायक अनुज शर्मा ने भावुक होते हुए कहा, “आज कुँवरगढ़ की इस पवित्र माटी में खड़े होकर मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। मैं यहाँ सिर्फ आपके प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि इस माटी का कर्ज उतारने आया हूँ। रायपुर जिले के सबसे बड़े गाँव ‘कुंरा’ का इतिहास राजा कुँवर सिंह गोंड की महान विरासत और शौर्य से जुड़ा है।” उन्होंने विश्वास दिलाया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में धरसीवां को छत्तीसगढ़ की एक ‘मॉडल विधानसभा’ बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणाएं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा की मांगों को सहर्ष स्वीकार करते हुए कई घोषणाएं कीं:
- नगर पंचायत कुंरा का नाम बदलकर अब ‘कुंवरगढ़’ किया जाएगा।
- कुंरा में गौरवपथ निर्माण, खेल मैदान और रानीसागर तालाब का सौंदर्यीकरण।
- खारून नदी में एनीकट का निर्माण।
- टेकारी मार्ग का चौड़ीकरण।
- ग्राम गुमा में पुलिस चौकी की स्थापना।
महोत्सव में दिखा भारी उत्साह
नगर में पहली बार हो रहे इस महोत्सव को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्थानीय शिल्प की प्रदर्शनी और ऐतिहासिक महत्व पर आधारित विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस अवसर पर पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, फिल्म विकास निगम अध्यक्ष मोना सेन, विधायक मोतीलाल साहू, जिला अध्यक्ष श्याम नारंग, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद साहू, जनपद अध्यक्ष शकुंतला दिलेन्द्र सेन, टिकेश्वर मनहरे, और सुनीता अनिल सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।