खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: भारोत्तोलन में महाराष्ट्र की साक्षी बुरकुले ने जीता स्वर्ण, छत्तीसगढ़ की रिशिका कश्यप को मिला रजत पदक

रायपुर: पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत महिला वर्ग की 86 किलोग्राम भारोत्तोलन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस रोमांचक स्पर्धा में महाराष्ट्र की साक्षी बंडू बुरकुले ने अपने बेहतरीन खेल कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

साक्षी का दबदबा, रिशिका ने जीता दिल महाराष्ट्र की साक्षी बुरकुले ने स्नैच में 68 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 82 किलोग्राम सहित कुल 150 किलोग्राम वजन उठाकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पूरे मुकाबले के दौरान उनका प्रदर्शन सबसे मजबूत और संतुलित रहा। वहीं, घरेलू मैदान पर खेलते हुए छत्तीसगढ़ की रिशिका कश्यप ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और कुल 121 किलोग्राम (स्नैच 55 किलोग्राम, क्लीन एंड जर्क 71 किलोग्राम) वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया।

कड़ी प्रतिस्पर्धा और पदक तालिका असम की बिटुपुना देओरी ने कुल 118 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया। पदक तालिका के बाद अन्य खिलाड़ियों में भी कड़ी टक्कर देखने को मिली। असम की ही लिंडा 114 किलोग्राम के साथ चौथे स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त त्रिपुरा की सुमी मोग ने 77 किलोग्राम उठाकर पांचवां और आंध्र प्रदेश की जेसी रानी ने 61 किलोग्राम वजन उठाकर छठा स्थान प्राप्त किया।

इस स्पर्धा के दौरान खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मैदान में मौजूद दर्शकों ने प्रत्येक प्रतिभागी की हौसलाअफजाई की, जिससे पूरा आयोजन उत्साह और ऊर्जा से भर गया। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत मंच मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *