रायपुर। समाचार पत्र आज की जनधरा के बिलासपुर एडिशन के नव-नियुक्त स्थानीय संपादक प्रभात दत्त झा ने आज रायपुर स्थित मुख्य कार्यालय पहुंचकर संपादकीय टीम और प्रबंधन से औपचारिक भेंट-मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी वरिष्ठ साथियों से परिचय प्राप्त किया और सौहार्दपूर्ण वातावरण में गुलदस्ता भेंट कर अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत की।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधान संपादक सुभाष मिश्र से विशेष मुलाकात की और उनके साथ अपनी पुस्तक ‘पन्ना का सफर’ तथा ‘ओझा बाबा की विरासत’ का अनावरण भी किया। यह पल साहित्य और पत्रकारिता के समन्वय का प्रतीक रहा।



बैठक के दौरान बिलासपुर एडिशन को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई। प्रभात दत्त झा ने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य फोकस बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय खबरों को प्राथमिकता देना होगा, ताकि आम जनता से जुड़े मुद्दे मजबूती से सामने आ सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में बिलासपुर में विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और युवा केंद्रित इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे, जिससे पाठकों के साथ सीधा संवाद स्थापित हो सके और समाचार पत्र की पहुंच को और व्यापक बनाया जा सके।
चर्चा में पेपर के सरकुलेशन को बढ़ाने, ग्राउंड रिपोर्टिंग को मजबूत करने और क्षेत्रीय पत्रकारिता को नई दिशा देने पर भी जोर दिया गया। प्रबंधन और संपादकीय टीम ने विश्वास जताया कि प्रभात दत्त झा के अनुभव और नेतृत्व में बिलासपुर एडिशन न केवल मजबूत होगा, बल्कि क्षेत्र में अपनी अलग पहचान भी बनाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रभात दत्त झा का परिचय प्रकाशित किया गया था, जिसमें उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और लेखन रुचि का उल्लेख किया गया था। नायब तहसीलदार से लेकर संयुक्त आयुक्त तक की उनकी प्रशासनिक यात्रा और सामाजिक विषयों पर उनकी गहरी समझ अब पत्रकारिता के क्षेत्र में भी नई ऊर्जा लेकर आएगी।
समाचार पत्र आज की जनधरा को उम्मीद है कि प्रभात दत्त झा के नेतृत्व में बिलासपुर में स्थानीय पत्रकारिता को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी खबर के माध्यम से जनता का भरोसा और अधिक सुदृढ़ होगा।