काठमांडू। नेपाल के नवनियुक्त प्रधानमंत्री बालेन शाह के नेतृत्व में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत पूर्व ऊर्जा, जल स्रोत तथा सिंचाई मंत्री दीपक खड़का को हिरासत में लिया गया है। पुलिस की केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो ने यह कार्रवाई काठमांडू में सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़े एक पुराने मामले में की है। पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक की गिरफ्तारी के बाद खड़का की यह गिरफ्तारी इस अभियान की अगली बड़ी कड़ी मानी जा रही है।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व मंत्री खड़का पर सरकारी जमीन को अवैध रूप से हथियाने के साथ-साथ मनी लॉन्ड्रिंग के भी आरोप हैं। हाल ही में हुए प्रदर्शनों के दौरान उनके आवास की तलाशी में भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई थी। इसके अतिरिक्त, उनके घर से जले हुए नोटों के अवशेष भी मिले थे, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई गई है। पुलिस अब उनके व्यावसायिक साम्राज्य और काठमांडू के बूढानीलकण्ठ स्थित आलीशान फाइव स्टार रिसॉर्ट में लगे धन के स्रोतों की भी गहनता से पड़ताल कर रही है।
दीपक खड़का नेपाल की राजनीति के रसूखदार चेहरों में गिने जाते हैं। वे पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा के करीबी होने के साथ-साथ उनकी पत्नी डॉ. आरजू राणा के बिजनेस पार्टनर भी रहे हैं। केपी शर्मा ओली की पिछली सरकार में ऊर्जा मंत्री के पद पर रह चुके खड़का की गिरफ्तारी ने सत्ता के गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। बालेन प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।