अंबिकापुर सेंट्रल जेल की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, नियमों के उल्लंघन पर दो जेल प्रहरी निलंबित

अंबिकापुर। सेंट्रल जेल अंबिकापुर की कार्यशैली और जेल वार्ड में कैदियों को दी जा रही अनुचित सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मनेंद्रगढ़ जेल से स्थानांतरित होकर आए एक सजायाफ्ता कैदी को जेल चिकित्सक द्वारा गंभीर बीमारी का प्रमाण पत्र जारी किए जाने के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया था। इसी मेडिकल सर्टिफिकेट के आधार पर जेल अधीक्षक ने कैदी के परिजनों को अटेंडेंट के रूप में जेल वार्ड में रहने की अनुमति प्रदान की थी।

प्रशासनिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि इस विशेष छूट का लाभ उठाकर कैदी को जेल नियमों के विरुद्ध कई सुविधाएं मुहैया कराई जा रही थीं। परिजनों द्वारा कैदी को घर का भोजन, मिनरल वाटर और मोबाइल फोन जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं उपलब्ध कराई जा रही थीं। शिकायत प्राप्त होने पर जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल वार्ड का मुख्य ताला खुला पाया गया और सुरक्षा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन देखा गया।

इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जेल अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात दो जेल प्रहरियों, जयप्रकाश कुजूर और लोकनाथ निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही कैदी के परिजनों को अटेंडेंट के रूप में जेल वार्ड में रहने के लिए दी गई अनुमति को भी निरस्त कर दिया गया है। जेल प्रशासन अब इस मामले की विस्तृत जांच कर रहा है कि किन परिस्थितियों में कैदी को गंभीर बीमारी का प्रमाण पत्र जारी किया गया और सुरक्षा व्यवस्था में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *