बीजापुर। जिले में सोशल मीडिया एवं मौखिक माध्यमों से फैल रही बच्चा चोरी एवं किडनी चोरी जैसी अफवाहों को लेकर एसपी बीजापुर ने आम जनता से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि इस प्रकार की अधिकांश सूचनाएं पूरी तरह निराधार और भ्रामक होती हैं, जिनका उद्देश्य आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करना होता है। उन्होंने नागरिकों से संयम बरतने और किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करने की बात कही।
एसपी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया जैसे व्हाट्सएप और फेसबुक पर मिलने वाले संदिग्ध संदेश, फोटो या वीडियो को बिना जांचे-परखे आगे न बढ़ाएं। यदि किसी गांव या क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो तत्काल सूचना दें और स्वयं या भीड़ के माध्यम से कानून हाथ में लेने से बचें।
उन्होंने यह भी बताया कि अफवाहों के कारण कई बार निर्दोष लोगों के साथ मारपीट या अन्य अप्रिय घटनाएं हो जाती हैं, इसलिए सभी नागरिकों से शांति और आपसी विश्वास बनाए रखने की अपील की गई है।
किसी भी संदिग्ध स्थिति में नागरिक नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम बीजापुर में सूचना दे सकते हैं।