मुंगेली। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी अभियान के अंतर्गत एसीबी बिलासपुर की टीम ने मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व स्थित सुरही रेंज में महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान सुरही रेंज में पदस्थ रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण के अनुसार, लोरमी निवासी शिकायतकर्ता अजीत कुमार वैष्णव ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। दिसंबर 2025 में सुरही रेंज भ्रमण के दौरान सोशल मीडिया पर एक रील वायरल होने के पश्चात वन विभाग ने उनका वाहन जब्त कर लिया था और संबंधित व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई थी। जेल से रिहा होने के बाद जब प्रार्थी ने चालान जल्द पेश करने और वाहन छुड़ाने हेतु संपर्क किया, तो डिप्टी रेंजर द्वारा लाखों रुपये के खर्च और रिश्वत की मांग की गई।
शिकायत के सत्यापन के पश्चात एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। 26 मार्च 2026 को प्रार्थी को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपये लेकर कोटा स्थित एक रेस्टोरेंट भेजा गया। जैसे ही डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, वहां मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान रेंजर पल्लव नायक की भूमिका भी संदेहास्पद पाई गई और उनके द्वारा भी प्रार्थी से अनुचित लाभ की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। एसीबी ने आरोपी मनीष श्रीवास्तव से रिश्वत की राशि बरामद कर ली है। वर्तमान में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की संबंधित धाराओं के तहत दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
