रायपुर। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने दुर्ग और हटिया के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को नियमित करने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन स्पेशल के बजाय एक्सप्रेस के रूप में निर्धारित समय सारणी के अनुसार संचालित की जाएगी। इस फैसले से छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें यात्रा का एक स्थायी विकल्प प्राप्त होगा।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अब यह गाड़ी नए नंबरों के साथ द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 18641 हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस 2 अप्रैल 2026 से प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को हटिया से दुर्ग के लिए रवाना होगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 18642 दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस 3 अप्रैल 2026 से प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को दुर्ग से हटिया के लिए अपनी यात्रा शुरू करेगी।
अब तक इस रूट पर यह ट्रेन स्पेशल श्रेणी में चल रही थी, जिससे यात्रियों को इसकी उपलब्धता और समय को लेकर अनिश्चितता बनी रहती थी। इसे नियमित किए जाने के बाद यात्री अब लंबी अवधि के लिए अग्रिम आरक्षण करा सकेंगे। रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस मार्ग पर यात्रियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए यह स्थाई व्यवस्था काफी मददगार साबित होगी।