रायपुर। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे प्रभात दत्त झा को समाचार पत्र आज की जनधारा के बिलासपुर संस्करण का स्थानीय संपादक नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में बिलासपुर और आसपास के क्षेत्र में आज की जनधारा को एक नई पहचान मिलेगी। साथ ही वे क्षेत्र की छोटी-बड़ी खबरों को प्रमुखता से उठाकर पाठकों के बीच भरोसे को और मजबूत करेंगे।
प्रभात दत्त झा का जन्म वर्ष 1959 में मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के सिमरिया में हुआ। उन्होंने शासकीय छत्रसाल महाविद्यालय, पन्ना से इतिहास में एम.ए. की पढ़ाई की और इसके बाद एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। प्रशासनिक सेवा में उनका लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने वर्ष 1984 से 1990 तक सीधी, मझौली, कुसमी, देवसर और जवा में नायब तहसीलदार के रूप में कार्य किया। इसके बाद वर्ष 1990 से 1998 तक विकास खंड अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दीं।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में विभिन्न पदों पर काम करते हुए उन्होंने प्रशासनिक और विकासात्मक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2021 में वे मंत्रालय रायपुर में संयुक्त आयुक्त के पद से सेवानिवृत्त हुए।
प्रभात दत्त झा को लेखन में भी गहरी रुचि है। वे समय-समय पर सामाजिक, आर्थिक और युवा मुद्दों पर लेख लिखते रहे हैं। इससे पहले वे अपने बड़े भाई सुभाष दत्त झा के साथ सह-लेखक के रूप में ‘पन्ना का सफर – किलकिला से विंध्यांचल तक’ नामक पुस्तक भी प्रकाशित कर चुके हैं।
समाचार पत्र आज की जनधारा से वे पहले से जुड़े हुए हैं और कारोबार तथा युवा विषयों से संबंधित विशेष पेजों की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं। अब बिलासपुर एडिशन के स्थानीय संपादक के रूप में उनकी नियुक्ति के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि उनके अनुभव और लेखन दृष्टि से बिलासपुर क्षेत्र की पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी।
प्रबंधन ने विश्वास जताया है कि प्रभात दत्त झा के नेतृत्व में आज की जनधारा बिलासपुर में जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा और क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी खबर को सामने लाकर पाठकों का भरोसा जीतेगा।